सीहोर में मेडिकल स्टोर्स पर जांच, कई जगह मिली अनियमितताएं

सीहोर। छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप और अन्य दवाओं से मासूम बच्चों की मौत के बाद शासन ने प्रदेशभर में औषधि दुकानों की सघन जांच के निर्देश दिए थे. इसी के तहत सोमवार को सीहोर जिले में ड्रग इंस्पेक्टर किरण मगरे ने करीब दस मेडिकल स्टोर्स पर औचक जांच की। जांच के दौरान कई दुकानों पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले, तो कुछ स्थानों पर दवाओं के बिल और पंजी अभिलेख नहीं पाए गए. कार्रवाई देर शाम तक जारी रही.

ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले मेडिकल संचालकों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जिले में करीब 1500 से अधिक मेडिकल दुकानें संचालित हैं, जिनमें से कई फार्मासिस्ट के नाम पर चल रही हैं. कुछ जगहों पर संचालक व उनके परिजन खुद पर्चे देखकर दवाएं देते मिले.

इधर, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर औषधि नियंत्रण विभाग पर अनावश्यक कार्रवाई का आरोप लगाया है. संघ का कहना है कि सभी विक्रेता पैक बंद दवाएं ही बेचते हैं, इसलिए बिना स्पष्ट अधिसूचना या प्रत्यक्ष दोष सिद्ध हुए किसी पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए.

इनका कहना है

सोमवार को अनेक मेडीकल स्टोर की जांच की गई. इस दौरान क्रय- विक्रय पंजी, फार्मासिस्ट की उपलब्ध्ता की जांच की गई. बच्चों की दी जाने वाली दवाओं के सैंपल जांच करने लिए गए हैं.एक मेडीकल स्टोर पर फार्मासिस्ट नहीं मिला है तथा लगभग सात मेडीकल स्टोर पर भी कमियां मिली हैं. इन पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

किरण मंगरे,
औषधि निरीक्षक, सीहोर

Next Post

पुलिस परेड ग्राउण्ड में होगा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह

Tue Oct 28 , 2025
सतना:सतना जिले में एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह सिविल लाइन स्थित पुलिस परेड ग्राउण्ड में प्रातः 10.25 बजे से आयोजित होगा। इस मौके पर जिले की नगरीय निकाय संस्थाओं और जनपद पंचायतों में भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम होंगे। इस आशय के निर्णय सोमवार को […]

You May Like

Play sound