मोदी और शाह समेत अनेक लोगों ने दीं यादव को जन्मदिन पर शुभकामनाएं

भोपाल, 25 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के जन्मदिन पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

श्री मोदी ने डॉ यादव को शुभकामनाएं देते हुए अपनी एक्स पोस्ट में कहा, ‘मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उन्होंने राज्य के नागरिकों का जीवनस्तर सुधारने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। उनके स्वस्थ रहने और दीर्घायु होने की ईश्वर से प्रार्थना है।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। मोदी जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। बाबा महाकाल से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना करता हूँ।’ डॉ यादव को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनेक केंद्रीय नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा, ‘मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बाबा महाकाल से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।’

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉ यादव को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना करता हूँ। आपके कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और उन्नति के नव शिखर को स्पर्श करे, बहुत-बहुत शुभकामनाएं!’

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने अपने बधाई संदेश में कहा, ‘मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! ईश्वर से आपकी दीर्घायु और स्वस्थ व सुखी जीवन की मंगलकामना करता हूँ!’

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री ने बधाई दी है। डॉ यादव को प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों के अलावा राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विधायकों, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े सहित वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। डॉ यादव को आज उनके निवास पर जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देने अनेक लोग पहुंचे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री निवास स्थित मंदिर में सपरिवार पूजा अर्चना कर की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवास स्थित गौशाला में सर्व सुखदायिनी गौ माता की सेवा कर प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की तथा विकसित मध्यप्रदेश के सभी संकल्प पूर्ण करने के लिए गौ माता से आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ यादव ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Next Post

जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना सरकार का संकल्प- शुक्ल

Tue Mar 25 , 2025
भोपाल, 25 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रत्येक कर्मचारी पूरी सजगता और समर्पण के साथ जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री शुक्ल ने आशा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में […]

You May Like