
आलीराजपुर। विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, सुरक्षा-बोध, उत्तरदायी नागरिकता और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में संचालित “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम” के तहत मंगलवार को स्वामी विवेकानंद स्कूल, आलीराजपुर की छात्राओं ने थाना आलीराजपुर का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और पुलिस अधिकारियों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा श्री टी.सी. पंवार ने छात्राओं को थाना की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीयन प्रक्रिया, डायल-112 सहित आपातकालीन पुलिस सेवाओं, अपराध नियंत्रण व्यवस्था और आधुनिक पुलिसिंग प्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस किस प्रकार दैनिक स्तर पर कार्य करती है।
छात्राओं ने थाना प्रभारी आलीराजपुर निरीक्षक सोनू सितोले से भी सहजता एवं खुलकर संवाद किया। थाना प्रभारी ने छात्राओं के विभिन्न सवालों का सरल भाषा में जवाब देते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा पुलिस से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अध्ययन करने तथा अपने स्वर्णिम भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के संबंध में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में संकोच न करें और तत्काल पुलिस की मदद लें।
पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर दिया भाई-बहन के रिश्ते का संदेश
थाना भ्रमण के दौरान भावनात्मक और आत्मीय वातावरण भी देखने को मिला। स्वामी विवेकानंद स्कूल की छात्राओं ने थाना परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं द्वारा राखी बांधे जाने पर पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी भावुक नजर आए।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सितोले ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें चॉकलेट खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद स्कूल की उप प्राचार्य श्रीमती प्रार्थना शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा टी.सी. पंवार, थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सितोले सहित थाना आलीराजपुर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने छात्राओं और पुलिस के बीच संवाद एवं विश्वास की एक मजबूत कड़ी स्थापित की। वहीं राखी बांधकर छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के साथ-साथ भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते का संदेश भी दिया।
