कालूखेड़ा में 2.495 किलो रूष्ठ ड्रग्स की बड़ी खेप जब्त, चार तस्कर फरार

रतलाम/जावरा। कालूखेड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 495 ग्राम एमडी ड्रग्स की खेप बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त एमडी की अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल काले रंग की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। कुल 2.70 करोड़ रुपए का मशरूका जब्त किया गया।

पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त को चौकी मावता प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लखन पिता भेरुलाल मीणा निवासी भाकरखेड़ी अपने तीन साथियों के साथ क्रेटा कार से बड़ी मात्रा में एमडी लेकर बेहपुर-मंदसौर तरफ से मावता होते हुए रियावन की ओर जाने वाला है। सूचना पर रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की गई।

कुछ देर बाद बताए हुलिए की क्रेटा कार आरजे 27 सीपी 3608 आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रियावन की ओर रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंच गए।

कच्चा और उबड़-खाबड़ रास्ता आने पर आरोपियों ने बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में कार छोड़ दी और लखन मीणा समेत चारों आरोपी झाडिय़ों की ओर भाग गए। पुलिस ने खेतों और झाडिय़ों में सर्चिंग की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।

कार की तलाशी में ड्राइवर सीट के नीचे हरे रंग की कपड़े की थैली मिली। इसमें तीन पारदर्शी प्लास्टिक थैलियां थीं, जिनमें हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा पदार्थ मिला। नियमानुसार जांच में पदार्थ एमडी ड्रग्स पाया गया। तीनों पैकेटों का वजन 2 किलो 495 ग्राम निकला।

पुलिस ने लखन मीणा, कार चालक और दो अन्य साथियों के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब एमडी की खेप कहां से आई, इसका सप्लायर कौन है, संभावित खरीदार कौन थे और इसके पीछे कितना बड़ा नेटवर्क है, इसकी जांच कर रही है।

फरार आरोपियों में लखन मीणा निवासी भाकरखेड़ी, क्रेटा चालक तथा दो अन्य अज्ञात साथी शामिल हैं। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शंकरसिंह चौहान, उप निरीक्षक दिनेश राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

चीनी 94 रुपये महंगी, अन्य जिंसों के दाम घटे

Tue Aug 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चीनी की कीमतों में तेजी का क्रम जारी रहा। चीनी के साथ गुड़ और सरसों तेल के दाम भी बढ़ गये जबकि अन्य जिंसों में नरमी का रुख रहा। मीठे के बाजार में चीनी की औसत कीमत 94 […]

You May Like