संदिग्ध परिस्थितियों में विधवा महिला की मौत

गुना: शहर के बूढ़े बालाजी क्षेत्र में मंगलवार को एक विधवा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान बूढ़े बालाजी निवासी सुनीता पति स्व. कमलेश अहिरवार के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी जान चली गई। घटना के बाद जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

मृतका अपने तीन बच्चों दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहती थी। उसके पति का 4 साल पहले निधन हो चुका है। महिला की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। महिला के भाई और परिजनों ने आरोप लगाया है कि सुनीता ने किसी के भारी दबाव और प्रताड़ना में आकर यह कदम उठाया है। परिजनों का सीधा संदेह एक नगर पालिका कर्मचारी नपाकर्मी पर है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल उस व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया है।

परिजनों का कहना है कि सुनीता के बच्चों ने उन्हें इस संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। वे जल्द ही इस पूरी जानकारी और संदेह के आधार पर पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज कराएंगे, ताकि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Next Post

ग्वालियर फोटोग्राफर एसोसिएशन ने आयोजित किया क्रिकेट टूर्नामेंट

Wed Aug 19 , 2026
ग्वालियर: वर्ल्ड फोटोग्राफी दिवस पर आज ग्वालियर फोटोग्राफर एसोसिएशन द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया। अतिथि के रूप में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव एवं ब्लॉक अध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह भदौरिया ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। अतिथिगण रोमांचक मैच के साक्षी बने। फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज […]

You May Like