![]()
भोपाल। बिलखिरिया इलाके में एक बाइक सवार दंपति को कार चालक ने टक्कर मार दी. दंपति का आरोप है कि हादसे के दौरान कार चालक ने उनके साथ मारपीट भी की. जानकारी के मुताबिक कटारा हिल्स निवासी जितेंद्र अहिरवार अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से रायसेन गए थे. जितेंद्र मंगलवार को देर शाम भोपाल लौट रहे थे. तभी इस्कान मंदिर चौराहा स्थित मेनफोर्ट स्कूल के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. जितेंद्र ने बाइक का संतुलन बनाया और गिरते-गिरते बचे. जितेंद्र का आरोप है कि इस दौरान चालक से बाहर आया और उनके साथ मारपीट करने लगा. जितेंद्र की पत्नी ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी. उनकी मासूम बच्ची इस दौरान गोद से नीचे गिर गई. राहगीरों के बीच-बचाव करने पर आरोपी चालक वहां से भाग निकला. फरियादी की शिकायत पर पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
