
भोपाल। मिसरोद इलाके में स्थित एक कालोनी में एक कार चालक ने जमकर उत्पात मचाया. आरोपी चालक ने कालोनी में खड़ी 8 कारो को टक्कर मार दी, जिससे कारें क्षतिग्रस्त हो गए. बुधवार को मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक फरियादी कमल सिह सोलंकी (55) निवासी सोम्या फार्च्यून हेरीटेज ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. कमल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को देर रात एक कार का चालक अपनी कार को तेजी और लापरवाही पूर्वक चलाकर कालोनी के अन्दर आया. वहां खड़ी कमल की कार में पहले उसने रिवर्स करते हुए पीछे से टक्कर मार दी. इसके बाद बगल में अशोक कुमार दुबे, अरविंद सिंह रघुवंशी सहित अन्य 8 लोगों की पार्किंग में खड़ी कारों में भी आरोपी चालक ने रिवर्स कर टक्कर मारी, जिससे सभी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं. इस दौरान कालोनी के अन्दर महिलाएं और बच्चे घूम रहे थे, जिनके पीछे से आरोपी चालक ने गाड़ी चढाने की कोशिश की. सभी मौजूदा लोगों ने भागकर खुद को बचाया. आरोपी चालक को रहवासियों ने जब रोकने की कोशिश तो वह गेट नं. 2 की तरफ गया. वहां ड्यूटी पर तैनात गार्ड को आरोपी जबतक निशाना बनाता. गार्ड ने पास में बने नाले में कूदकर अपनी जान बचाई. गेट के बाहर आने पर चालक ने वहां खडी एक और कार में सीधे टक्कर मारी. हादसे में कोई भी व्यक्ति चोटिल नहीं हुआ है. फरियादी की शिकायत पर पुलिस आरोपी चालक की तलाश करने में जुट गई है.
