ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबरों की संख्या 100 करोड़ के पार

नयी दिल्ली, 31 दिसंबर (वार्ता) देश में ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबरों की संख्या नवंबर में पहली बार 100 करोड़ के पार पहुंच गयी।

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2025 में देश में 100.37 करोड़ ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर हो गये। यह सालाना आधार पर 2.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। इसमें 95.85 करोड़ वायरलेस सब्सक्राइबर और 4.51 करोड़ वायरलाइन सब्सक्राइबर हैं।

ट्राई ने बताया कि पिछले 10 साल में ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबरों की संख्या छह गुना से ज्यादा बढ़ी है। नवंबर 2015 में यह संख्या 13.15 करोड़ थी।

वहीं, टेलीफोन सब्सक्राइबरों की संख्या 3.16 फीसद बढ़कर 123.45 करोड़ पर पहुंच गयी। इसमें 4.71 करोड़ वायरलाइन उपभोक्ता भी शामिल हैं।

नवंबर में 1.47 करोड़ सब्सक्राइबरों ने मोबाइल नंबर पोर्ट कराने के लिए आवेदन दिया।

ट्राई ने बताया कि ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबरों के मामले में 51.05 करोड़ के साथ रिलायंस जियो सबसे आगे रही। भारती एयरटेल 31.43 करोड़ के साथ दूसरे और वोडाफोन आइडिया 12.78 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर रही। सार्वजनिक क्षेत्र के भारत संचार निगम के 3.39 करोड़ ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर थे।

मोबाइल सब्सक्राइबरों की कुल संख्या नवंबर में बढ़कर 117.39 करोड़ हो गयी। इसमें माह-दर-माह 0.17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। यहां भी 41.41 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ रिलायंस जियो ने बाजी मारी। भारती एयरटेल की हिस्सेदारी 33.64 प्रतिशत, वोडाफोन आइडिया की 17.01 प्रतिशत और बीएसएनएल की 7.92 प्रतिशत रही।

 

 

 

Next Post

नये साल पर दिल्ली-एनसीआर में पीएनजी सस्ती

Wed Dec 31 , 2025
नयी दिल्ली, 31 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली-एनसीआर में प्राकृतिक गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए पाइप के जरिये घरों में आपूर्ति की जाने वाली (पीएनजी) की कीमतों में नये साल पर कटौती की घोषणा की है। कंपनी ने बुधवार को बताया कि नये […]

You May Like