
कटनी/बहोरीबंद। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने सोमवार को किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर के नाम बहोरीबंद एसडीएम राकेश चौरसिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली है कि बहोरीबंद विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत गेहूं उपार्जन के लिए ग्राम पटोरी स्थित सायलो केंद्र निर्धारित किया गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि गेहूं खरीदी केवल सायलो केंद्र में की गई तो क्षेत्र के अधिकांश लघु एवं सीमांत किसान वहां तक नहीं पहुंच पाएंगे।
ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि ऐसी स्थिति में किसान अपनी उपज बिचौलियों एवं व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर होंगे, जिससे क्षेत्र में असंतोष और विस्फोटक हालात बन सकते हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व की भांति क्षेत्र में अलग-अलग गेहूं उपार्जन केंद्र संचालित किए जाएं, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।
कांग्रेस की ओर से प्रशासन से आग्रह किया गया है कि बहोरीबंद विकासखंड क्षेत्र के सभी गोदाम स्तरीय एवं समिति स्तरीय खरीदी केंद्रों को यथास्थिति बनाए रखा जाए। चेतावनी देते हुए कहा गया कि मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस किसानों के हित में धरना एवं उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सैनी, जिला महामंत्री अजय गर्ग, डॉ. के.एल. जैन, सादिक खान, देव सिंह पटेल, गणेश नारायण गुप्ता, के.एल. राय, संतोष पटेल, नीरज पटेल, संजय जैन, संजय पटेल, सचिन राजपूत, विजय तिवारी, कमला विश्वकर्मा, दयाशंकर गुप्ता, पूर्णेन्द पटेल, रमेश पटेल, मोंटी पांडे, अजय खम्परिया, शुभम पटेल, राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार आशीष अग्रवाल, नायब तहसीलदार राजकुमार नामदेव तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
