मध्य प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल पंपों पर असामान्य भीड़ और लंबी कतारें एक नए तरह के ‘संकट’ का संकेत दे रही हैं. इंदौर, भोपाल और ग्वालियर जैसे शहरों में हालात ऐसे बन गए कि सडक़ों पर ट्रैफिक तक प्रभावित हुआ. लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह संकट वास्तविक कमी का नहीं, बल्कि अफवाहों और मनोवैज्ञानिक प्रतिक्रिया का परिणाम है. सोशल मीडिया पर फैली ईंधन की कमी की अपुष्ट खबरों ने लोगों के मन में भय पैदा कर दिया. यह भय इतनी तेजी से फैला कि देखते ही देखते ‘पैनिक बाइंग’ की स्थिति बन गई. लोग अपनी गाडिय़ों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ बोतलों और डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाने लगे. परिणामस्वरूप, जिन पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों में पर्याप्त स्टॉक रहता था, वहां भी कुछ समय के लिए ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई. यह एक क्लासिक उदाहरण है कि कैसे अफवाहें वास्तविकता को प्रभावित कर सकती हैं.
आंकड़े बताते हैं कि कई शहरों में ईंधन की खपत सामान्य से दो से तीन गुना तक बढ़ गई. यह वृद्धि किसी औद्योगिक या परिवहन मांग के कारण नहीं, बल्कि सामूहिक घबराहट का नतीजा है. जब हजारों लोग एक साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंचते हैं, तो आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव पडऩा स्वाभाविक है. टैंकरों की आपूर्ति और पंपों की रिफिलिंग एक निश्चित प्रक्रिया के तहत होती है, जिसे अचानक बढ़ी मांग के अनुरूप तुरंत बढ़ाना संभव नहीं होता. यही कारण है कि अस्थायी अव्यवस्था को लोग स्थायी संकट समझ बैठते हैं.
सरकार और प्रशासन ने इस स्थिति को लेकर स्पष्ट रुख अपनाया है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सक्रिय है और कहीं भी वास्तविक कमी नहीं है. इसके बावजूद, अफवाहों की ताकत इतनी अधिक है कि सरकारी आश्वासन भी कई बार लोगों के डर को तुरंत समाप्त नहीं कर पाते. यह स्थिति हमारे समाज में सूचना के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता और कभी-कभी विवेकहीन प्रतिक्रिया को उजागर करती है.
इस पूरे प्रकरण का एक चिंताजनक पहलू यह भी है कि लोग बिना आवश्यकता के ईंधन का भंडारण करने लगे. पेट्रोल को डिब्बों या बोतलों में भरकर रखना न केवल गैरजरूरी है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक है. इस तरह का व्यवहार न केवल व्यक्तिगत जोखिम बढ़ाता है, बल्कि सामूहिक संकट को भी गहरा करता है. वास्तव में, यह सामाजिक जिम्मेदारी की कमी का संकेत है.
समाधान स्पष्ट है, लेकिन उसके लिए सामूहिक अनुशासन की आवश्यकता है. सबसे पहले, नागरिकों को यह समझना होगा कि हर सूचना सत्य नहीं होती. सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी खबर को बिना पुष्टि के स्वीकार करना या आगे बढ़ाना स्थिति को और बिगाड़ता है. दूसरे, आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लेना चाहिए. यदि वाहन में पर्याप्त पेट्रोल है, तो केवल डर के कारण पंप की ओर दौडऩा समस्या को बढ़ाने जैसा है.
प्रशासन को भी चाहिए कि वह पारदर्शिता और त्वरित संचार के माध्यम से जनता का विश्वास बनाए रखे. साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थितियों को रोका जा सके. कुल मिलाकर यह घटना हमें यह सिखाती है कि किसी भी व्यवस्था की सबसे बड़ी परीक्षा संकट में नहीं, बल्कि अफवाहों के समय होती है. ईंधन की कमी नहीं है, लेकिन संयम और विवेक की कमी जरूर दिखी है. यदि समाज ने इस अनुभव से सीख ली, तो भविष्य में ऐसे ‘कृत्रिम संकट’ पैदा होने से रोके जा सकते हैं.
