बरगी बांध: किसानों ने सुनाया दर्द, पिछले 2 साल से नहर से रिस रहा था पानीे

जबलपुर। सगड़ा झपनी गांव के पास स्थित बरगी बांध परिक्षेत्र से रीवा तक जाने वाली दांई तट नहर फूटने के मामले में स्थानीय किसानों ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान जो बताया उसने जिम्मेदार विभाग के लापरवाह अधिकारियों की कलई खोल दी। किसानों ने दो टूक कहा कि सगड़ा झपनी गांव के पास स्थित बरगी बांध परिक्षेत्र से रीवा तक जाने वाली दांई तट नहर से धीरे धीरे करके पानी पिछले 2 सालों से रिस रहा था और इसकी सूचना पिछले 8 दिन से लगातार जिम्मेदारों को किसानों द्वारा दी जा रही थी। जबकि श्रृद्धा बंसोडकर कार्यपालन यंत्री, दांई तट नहर ने मीडिया चर्चा के दौरान कहा और माना कि नहर में पानी का सीपेज कई सालों से था जिसका मरम्मत कार्य भी काफी समय से नहीं हुआ था।

ऐसे में सवाल ये खड़ा होता है कि जब सब कुछ पहले से ही पता था तो सुधार कार्य क्यों नहीं कराया गया, क्या नहर फूटने का इंतजार प्रशासन द्वारा किया जा रहा था। उधर स्थानीय किसान भीमाबाई, दुष्यंत सहित अन्य किसान ये कहते हुए भी नजर आए हैं कि प्रशासन और जिम्मेदार विभाग खुद नहर फूटने का और किसानों की फसल की बर्बादी का इंतजार कर रहे थे। हालांकि एसडीएम के अनुसार नहर फूटने से 30 किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है जिन्हें शासन स्तर पर जल्द मदद दी जाएगी। वहीं सगड़ा झपनी के पास बरगी बांध की दांई तट नहर का मरम्मत कार्य पूरा होने में जिम्मेदारों ने 7 से 8 दिन और लगने का समय बताया है।

6 गांवों की फसलें हुईं थीं खराब

विदित हो कि गत रविवार को सगड़ा-झपनी स्थित बरगी बांध की दांई तट नहर की दीवार टूट गई थी और नहर का पूरा पानी आसपास के गांवों के निचले इलाके में भर गया था। इस दौरान आसपास के 6 गांवों के करीब 30 किसानों की फसलें खराब हो गईं थीं।

इनका कहना है–

–बरगी बांध की दाईं तट नहर का मरम्मत कार्य भोपाल की टीम द्वारा किया जा रहा है। संभवत: 7 से 8 दिन में मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा। हमारे द्वारा किसानों की फसलों के नुकसान का सर्वे पूरा हो गया है। करीब 29 किसानों की गेंहूं की फसल खराब हुई है जिनके नुकसान का मुआवजा वैधनिक तरीके से स्वीकृत कराकर उन्हें दिया जाएगा।

अभिषेक सिंह, एसडीएम।

Next Post

चंबल में पहली बार अवैध रेत माफियाओं पर बड़ी कार्यवाही, 15000 ट्रॉली रेत नष्ट

Thu Feb 5 , 2026
मुरैना। चंबल में पहली बार अवैध रेत माफियाओं पर बड़ी कार्यवाही कर 15000 ट्रॉली अवैध रेत का विनिष्टिकरण किया गया है। 3 करोड़ रुपए की अवैध रेत नष्ट की गई है।कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा चंबल क्षेत्र में […]

You May Like