जबलपुर: मप्र हाईकोर्ट परिसर में प्रवेश कर एक युवक ने हल्ला मचाना प्रारंभ कर दिया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकडक़र सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया। जिस युवक ने हल्ला मचाया, उसका नाम सुनील पाल गौतम है, जो मूलत: मैहर निवासी है। वह किसी मुकदमे के सिलसिले में अक्सर हाईकोर्ट आता रहता है। मंगलवार को उसने एक पक्षकार की हैसियत से प्रवेश द्वार के रजिस्टर में एंट्री कराई।
इसके बाद अपने अधिवक्ता को खोजने लगा। कुछ देर बाद लगभग 10.30 बजे हाईकोर्ट के गलियारे में प्रवेश कर गया। जस्टिस विवेक जैन की कोर्ट के सामने पहुंचकर उसने हल्ला मचाना प्रारंभ कर दिया। इससे भीतर चल रही सुनवाई में व्यवधान की स्थिति उत्पन्न हुई। सिविल लाईन पुलिस के अनुसार युवक की मानसिक दशा ठीक नहीं है। इसलिए पुलिस व वकीलों के विरुद्ध अनर्गल प्रलाप कर रहा था।
