इंदौर: सीमा सुरक्षा बल के सहायक प्रशिक्षण केंद्र इंदौर में शुक्रवार को आरक्षक ट्रेड्समैन से परिवर्तित आरक्षक जीडी बैच क्रमांक-204 के नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह आयोजित किया. इस दौरान हुई शानदार परेड में देश भक्ति का जोश व जज्बा देखते ही बन रहा था.समारोह के मुख्य अतिथि महानिरीक्षक आलोक कुमार सिंह थे. परेड की शुरुआत में नव आरक्षकों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी तथा राष्ट्रीय ध्वज के समक्ष निष्ठा की शपथ ली.
इस मौके पर बैच को कमांड कर रहे आरक्षक कपिल यादव ने अनुशासित नेतृत्व का प्रदर्शन किया. गहन प्रशिक्षण के दौरान इन जवानों को हथियार संचालन, ड्रिल, फिजिकल ट्रेनिंग, फील्ड क्राफ्ट, मैप रीडिंग, आतंकवाद-उग्रवाद से मुकाबला, सीमा सुरक्षा कौशल आदि का सघन प्रशिक्षण दिया. प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से जवानों के चरित्र निर्माण व अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया, ओवरऑल प्रथम: आरक्षक सूरज कुमार, ओवरऑल द्वितीय: आरक्षक मंदीप कुमार, शारीरिक दक्षता में श्रेष्ठ: आरक्षक विनायक मारुति पाटिल, सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज: आरक्षक रमेश कुमार कुड़ी, ड्रिल में श्रेष्ठ: आरक्षक कपिल यादव, मुख्य अतिथि सिंह ने दीक्षांत परेड में दिखे जोश, अनुशासन और परेड टर्नआउट की सराहना करते हुए प्रशिक्षकों को बधाई दी.
