
ब्यावरा। चैत्र नवरात्र के शुभारंभ एवं गुड़ी पड़वां के अवसर पर गुरुवार को जिले भर में मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा अर्चना, दर्शन किए. धार्मिक अनुष्ठान शुरु हुए. शोभायात्रा निकाली गई, इससे आस्था और उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया.
चैत्र नवरात्र एवं गुड़ी पड़वा के अवसर पर नगर में सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे एवं पूजा अर्चना, दर्शन कर नये वर्ष की शुरुआत की. स्थानीय श्री अंजनीलाल मंदिर, प्राचीन बीड़ मंदिर, श्री बालाजी मंदिर, काली माता मंदिर, चिंताहरण हनुमान मंदिर, माँ वैष्णोदेवी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, प्राचीन शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. गुड़ी पड़वां पर विभिन्न संगठनों द्वारा पीपल चौराहा व अन्य जगह पर नीम एवं मिश्री की प्रसादी का वितरण किया गया. बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रसादी ली.
जालपा माता एवं भैंसवा धाम पर पहुंचे श्रद्धालु
चैत्र नवरात्र एवं गुड़ी पड़वा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां जालपा मंदिर धाम एवं भैंसवा धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति के लिए मंगल कामनाएं की.भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया.
