नयी दिल्ली, श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट ने तनुष कोटियन और हर्ष दुबे को नेट बॉलर के रूप में टीम के साथ जोड़ने का अहम फैसला लिया है।
भारतीय क्रिकेट टीम आज 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका पहुंच गई है। इस दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलने के बावजूद मुंबई के तनुष कोटियन और हर्ष दुबे को भारतीय टीम मैनेजमेंट ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों युवा स्पिनर्स नेट बॉलर के रूप में टीम के साथ श्रीलंका जाएंगे और अभ्यास सत्र में बल्लेबाजों को स्पिन खेलने की तैयारी कराएंगे।
राहुल और जायसवाल ने शुरू की तैयारी
भारतीय टीम के श्रीलंका रवाना होने से एक दिन पहले केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल मुंबई में एक साथ अभ्यास करते नजर आए। लगातार बारिश के कारण दोनों ने बांद्रा वेस्ट स्थित विंग्स स्पोर्ट्स सेंटर में इंडोर प्रैक्टिस की। पूर्व भारतीय क्रिकेटर जतिन परांजपे के इस सेंटर में दोनों खिलाड़ी पिछले कुछ दिनों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं।
श्रीलंका की पिचों को देखते हुए राहुल और जायसवाल ने इस दौरान तेज गेंदबाजों की बजाय सिर्फ स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी का अभ्यास किया। दोनों ने ऑफ स्पिन, लेग स्पिन और बाएं हाथ के स्पिनरों की गेंदों का सामना किया। इस अभ्यास में तनुष कोटियन और कई स्थानीय स्पिन गेंदबाजों ने उन्हें गेंदबाजी की।
तनुष ने बताई अभ्यास की खास वजह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तनुष कोटियन ने बताया कि वो अक्सर इसी अकादमी में अभ्यास करते हैं, क्योंकि यहां बारिश के दौरान भी बेहतरीन सुविधा उपलब्ध रहती है। उन्होंने कहा कि यहां की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार है और पिछले कुछ दिनों से केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल भी उनके साथ यहीं अभ्यास कर रहे थे।
क्या रहेगी दोनो खिलाड़ियों की भूमिका?
हालांकि तनुष कोटियन और हर्ष दुबे को मुख्य टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है, लेकिन दोनों नेट बॉलर के रूप में भारतीय टीम के साथ श्रीलंका जाएंगे। वहां वो रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और सारांश जैन जैसे स्पिनरों के साथ अभ्यास सत्र में बल्लेबाजों को तैयारी कराने में मदद करेंगे।
कब होंगे मुकाबले?
भारतीय टीम के लगभग सभी खिलाड़ी मुंबई पहुंच चुके हैं और मंगलवार देर शाम चार्टर फ्लाइट से कोलंबो के लिए रवाना हो गए है। साई सुदर्शन के टीम के साथ जाने पर अभी फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार है, हालांकि उम्मीद है कि वो जल्द टीम से जुड़ जाएंगे।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल में और दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा। सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से तीन दिन का अभ्यास मैच भी खेलेगी।
