
सीधी।सिहावल विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागवन, बिजली,पानी एवं अधोसंरचना विकास सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।सभी क्षेत्रों में एवं सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।उक्त आशय के विचार क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक ने विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत पतुलखी,नकझरकला एवं खुटेली में आयोजित कार्यक्रमों में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत पतुलखी में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण,ग्राम पंचायत खुटेली में हनुमान मंदिर परिसर में चबूतरा एवं शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण, पीएम श्री विद्यालय खुटेली में पीसीसी एवं शेष भाग में बाउंड्रीवाल का कार्य तथा शिवलाल विश्वकर्मा के घर से कुआं होते हुए बसोरबस्ती तक पीसीसी निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुटेली व नकझरकला में सायकल वितरण का कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित रोहित उपाध्याय सीईओ ने निर्माण कार्यों की लागत एवं इनसे जनमानस को मिलने वाली सेवाओं एवं सुविधाओं से अवगत कराया। खण्ड शिक्षा अधिकारी छोटेलाल सिंह ने सायकल वितरण एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वामित्र पाठक ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान एवं विकास को केंद्र में रखकर संचालित हैं सरकार की मंशा है कि विकास से कोई क्षेत्र अछूता न रहे।क्षेत्रीय विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओ नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण,मध्यान्ह भोजन,गणवेश, सायकल, छात्रवृत्ति प्रदाय आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। छात्र -छात्राओं को सायकल मिल जाने से विद्यालय आने जाने में सुविधा होगी एवं समय की भी बचत होगी। मुख्य अतिथि ने विद्युतीकरण पेयजल एवं अन्य आवश्यक मांगों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।मुख्य अतिथि ने उपस्थित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कहा। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।कार्यक्रम पश्चात विद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण किया।
