बस से बक्सवाहा निकला पूरा प्रशासनिक अमला, विकास कार्यों और शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण

छतरपुर।मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित जिला प्रशासन का पूरा अमला शुक्रवार को सामूहिक रूप से बस से बक्सवाहा क्षेत्र के भ्रमण पर रवाना हुआ। बस में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल रहे। अधिकारियों का एक साथ बस से क्षेत्र में जाना प्रशासनिक समन्वय के साथ शासकीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और सरकारी खर्च में मितव्ययता का संदेश भी दे रहा है।

कलेक्टर के नेतृत्व में प्रशासनिक दल बक्सवाहा क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं और विकास कार्यों का निरीक्षण करेगा। इस दौरान अधिकारी आमजन, विद्यार्थियों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। मौके पर सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।

जनपद पंचायत बक्सवाहा स्थित कैंप स्थल पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। यहां ग्रामीणों और आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का तत्काल समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा ग्राम पंचायत बीरमपुरा में जलसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिकारी ग्रामीणों से पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।

 

 

Next Post

निरीक्षण: आंगनवाड़ी में बच्चों का वजन-लंबाई जांची

Sat Aug 15 , 2026
छतरपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत बक्सवाहा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर मृणाल मीना ने ग्राम पंचायत दरगुवां के सगुनयाई स्थित सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों के पोषण और प्री-स्कूल शिक्षा की जानकारी ली। इस दौरान एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः […]

You May Like