
शाजापुर। अशोक नगर से इंदौर जा रहे यात्रियों को रास्ते में रूककर खाना बनाना महंगा पड़ गया, जिनके दल पर मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा. इनमें 12 लोग घायल हो गए. कुछ घायलों के कान में से उपचार के दौरान मधुमक्खियां निकली.
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, घायल अमर सिंह लोधी ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ अशोकनगर से इंदौर जा रहे थे. रास्ते में भूख लगने पर वे सनकोटा के पास एक पेड़ के नीचे खाना बनाने के लिए रुके थे. उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता है. जैसे ही कंडे जलाने के लिए आग जलाई गई, उसका धुआं छत्ते तक पहुंचा, इससे मधुमक्खियां अचानक भडक़ उठीं और देखते ही देखते झुंड ने वहां मौजूद सभी लोगों पर हमला कर दिया. इस घटना में कुल 12 लोग घायल हो गए, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं. इनमें से 7 घायलों को उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल लाया गया. इलाज के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है.
कान में से निकली मधुमक्खी
जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर दीपक पाटीदार ने जानकारी दी कि घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि सभी की स्थिति अब खतरे से बाहर है. यही नहीं जब उन्होंने घायलों का उपचार किया तो किसी के कपड़ों में से तो किसी के कान में भी मधुमक्खियां घुस गई थी जिसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया. इस घटना में अमर सिंह लोधी, धन कुंवर लोधी, लता लोधी, हार्दिक, विराट, हर्ष और कुणाल सहित अन्य लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
