इंदौर:ऑनलाइन फ्रॉड के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजयनगर पुलिस ने ग्रेविटी मॉल में संचालित एक फर्जी एडवाइजरी कंपनी पर छापा मारकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कंपनी के 3 मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पूछताछ में कई अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है.थाना प्रभारी चन्द्रकांत पटेल ने बताया कि फर्जी एडवाइजरी कंपनी के मामले में वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश में गठित टीम ने ग्रेविटी मॉल के थर्ड फ्लोर पर संचालित इनविजन इन्फोटेक नामक कंपनी के कार्यालय पर सर्च वारंट के तहत दबिश दी.
मौके पर कंपनी में काम कर रहे 6 लोग मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एल्गो सॉफ्टवेयर के जरिए लोगों को शेयर व अन्य निवेश में ज्यादा मुनाफे का झांसा देते थे. अलग अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर रकम डलवाकर लोगों से धोखाधड़ी की जाती थी. अब तक की पुलिस जांच में यह सामने आया है कि ठगी की रकम कई खातों में ट्रांसफर की जाती थी.
ये हैं गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में कपिल उपाध्याय, विक्की जैन, शंकर दयाल पटेल, सुलतान यादव, सुरेन्द्र बैण्डवाल और हरनीत सिंह शामिल हैं. वहीं, सचिदानंद चतुर्वेदी, अतुल भार्गव और अमित माणिक को मामले में मुख्य आरोपी बताया है, जो फिलहाल फरार हैं. पुलिस ने इस मामले में विजयनगर थाने में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कपिल उपाध्याय के खिलाफ पूर्व में भी थाना एमआईजी में फर्जी एडवाइजरी कंपनी से संबंधित अपराध दर्ज है.
