कांग्रेस का कलेक्ट्रेट में चूल्हे-कंडे लेकर प्रदर्शन सरकार को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

खंडवा। आसमान छूती महंगाई और चरमराती मूलभूत व्यवस्थाओं के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को प्रशासन और सरकार के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से अपना आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हाथों में रसोई गैस सिलेंडर, मिट्टी के चूल्हे, कंडे, लकड़ी और कोयला लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जो आम जनता की लाचारी का प्रतीक बना।

कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर केआर बड़ोले को सौंपे गए एक तीखे ज्ञापन में कांग्रेस ने सीधे तौर पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कड़े शब्दों में कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बेकाबू हो चुके हैं और ऊपर से बाजार में इनकी पर्याप्त उपलब्धता न होने से गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों के घर का बजट बिगड़ गया है। बिजली विभाग को घेरते हुए कहा कि दरों में लगातार की जा रही बढ़ोतरी ने जनता को आर्थिक दलदल में धकेल दिया है।

ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की सीमित उपलब्धता और निरंतर बढ़ती कीमतों को भी महंगाई का मुख्य कारण बताया गया।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार की लेट-लतीफी के कारण समय पर फसल खरीदी नहीं हो रही है, जिससे जिले का अन्नदाता कर्जदार और डिफाल्टर होने की कगार पर पहुंच गया है।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रचना तिवारी ने कहा कि ‘जनता की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’ यदि प्रशासन ने गैस, बिजली और किसान खरीदी जैसे मुद्दों पर तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस आने वाले समय में जिले भर में उग्र चक्काजाम और तालाबंदी जैसे कदम उठाएगी।

इस जंगी प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर, जिला प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, विशाल जैन, पार्षद मनोज मंडलोई, विकास व्यास, सुधा खान, आशी सिलावट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने मांग की है कि गैस सिलेंडर के दामों पर तुरंत नियंत्रण किया जाए, बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस ली जाएं और किसानों की फसल की सुचारू खरीदी सुनिश्चित कर उन्हें आर्थिक बर्बादी से बचाया जाए।

Next Post

नालंदा मंदिर हादसे पर खण्डेलवाल ने जताया शोक

Tue Mar 31 , 2026
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बिहार के नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में कई श्रद्धालुओं के आकस्मिक निधन पर उन्होंने संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। […]

You May Like