मेरी भागीदारी, मेरा नेतृत्व: मप्र कांग्रेस ने शुरू किया महिला राजनीतिक भागीदारी अभियान

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भोपाल स्थित इंदिरा भवन में महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित “हाशिए से नेतृत्व तक महिला नेतृत्व एवं राजनीतिक भागीदारी अभियान” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पटवारी ने कहा कि यह केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को नेतृत्वकारी भूमिका में स्थापित करने का सामाजिक और राजनीतिक संकल्प है।

उन्होंने विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों की महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि कांग्रेस समाज के हर वर्ग की महिलाओं को सम्मान, समान अवसर और सार्थक भागीदारी दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनके अनुसार यह अभियान प्रदेशभर की महिलाओं को राजनीति, सामाजिक नेतृत्व और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

पटवारी ने बताया कि राज्य स्तर पर गठित महिला नेतृत्व समूह गांव-गांव और शहर-शहर जाकर महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब महिलाओं की आवाज नीति निर्माण और शासन व्यवस्था तक पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज की महिलाएं केवल सहभागी बनकर न रहें, बल्कि नेतृत्वकारी भूमिका निभाते हुए प्रदेश और समाज के भविष्य निर्माण में प्रभावी योगदान दें। “मेरी भागीदारी, मेरा नेतृत्व” अभियान महिलाओं के आत्मविश्वास, अधिकारों और राजनीतिक सशक्तिकरण का प्रतीक है।

कार्यक्रम में बौद्ध, सिख, ईसाई, जैन और मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व निर्माण और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में यह भी स्पष्ट किया गया कि “प्रोजेक्ट एम” का आशय केवल “महिला” नहीं, बल्कि “माइनॉरिटी” यानी अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को नेतृत्व और संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का व्यापक अभियान है।

इस अवसर पर संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले, प्रशिक्षण विभाग प्रभारी महेंद्र जोशी, मतदाता सूची की सह-प्रभारी आरिफा खान सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Next Post

मप्र की उत्कृष्ट पहल: अब सभी जिलों में 24 घंटे सेवा देगा सुमन हेल्प डेस्क, बना सुरक्षित मातृत्व का आधार

Sat May 9 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। सुरक्षित मातृत्व, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की समय पर उपलब्धता एवं तकनीक आधारित स्वास्थ्य मॉनिटरिंग से प्रदेश सरकार महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्रभावी पहल […]

You May Like