
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (से नो टू ड्रग्स)’ अभियान के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने एक साथ 1,75,451 नागरिकों को ऑनलाइन नशा मुक्ति की शपथ दिलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह उपलब्धि प्रदेश में नशा विरोधी जन-जागरूकता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सोमवार को आयोजित इस ई-शपथ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, प्रशिक्षण संस्थानों, सरकारी एवं निजी संगठनों, कॉर्पोरेट कार्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, नशा मुक्ति केंद्रों तथा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने एक साथ भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
मुख्य कार्यक्रम का संचालन इंदौर पुलिस आयुक्त कार्यालय से किया गया, जिसे ज़ूम, यूट्यूब और अन्य डिजिटल माध्यमों से शहर के शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस इकाइयों और विभिन्न संगठनों से लाइव जोड़ा गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सामूहिक शपथ दिलाई।
यह उपलब्धि इंदौर पुलिस के वर्ष 2025 के उस रिकॉर्ड से भी आगे निकल गई, जब 85,003 लोगों ने एक साथ नशा मुक्ति की शपथ ली थी। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों की संख्या और प्रमाणन प्रक्रिया का सत्यापन करने के बाद इस उपलब्धि को आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य जन-जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी और युवाओं की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से मध्यप्रदेश को नशामुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ाना है।
