
नई दिल्ली, 19 नवंबर 2025: मेक्सिको की करेंसी पेसो वर्तमान में भारतीय रुपए के मुकाबले मजबूत है। वर्तमान में 1 मेक्सिकन पेसो ₹4.84 के बराबर है, जबकि 1 भारतीय रुपया 0.21 मेक्सिकन पेसो के बराबर है। पेसो को मेक्सिको में 1863 में स्पेनिश औपनिवेशिक रियल की जगह पेश किया गया था और इसे 100 सेंटावोस में बांटा जाता है। मेक्सिको के केंद्रीय बैंक ‘बैंक ऑफ मेक्सिको’ द्वारा 20, 50, 100, 200, 500 और 1000 के नोट चलन में हैं।
दुनिया की 13वीं बड़ी अर्थव्यवस्था
मेक्सिको एक बड़ी और डेवलपिंग मिक्स्ड इकोनॉमी वाला देश है। अपनी बड़ी आबादी, प्राकृतिक संसाधनों और मजबूत व्यापारिक संबंधों के बल पर यह दुनिया की 13वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी हुई है। हाल के वर्षों में सर्विस, इंडस्ट्री और कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था ने ग्रोथ दिखाई है, हालांकि इसने अपनी क्षमता की तुलना में धीमी ग्रोथ के दौर भी देखे हैं, जिसके चलते बेरोजगारी भी बढ़ी है।
जन-जी आंदोलन और हिंसक विरोध
मेक्सिको में बढ़ती हिंसा के खिलाफ ‘जेनरेशन जेड’ के बैनर तले हजारों लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया है। मेक्सिको सिटी में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम के निवास नेशनल पैलेस को घेरकर तोड़फोड़ की, जिसमें 100 से अधिक लोग घायल हुए। इन प्रदर्शनों का तात्कालिक कारण मिचोआकन राज्य के उरुआपान शहर के मेयर कार्लोस अल्बर्टो मांज़ो रोड्रिगेज़ की हत्या थी, जिन्होंने नशीले पदार्थों के गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
