दुर्ग, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बोरी से मानव सिर बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिर अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास के पीछे बीएसपी की सेप्टिक लाइन में पानी जाम होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सफाई के दौरान उन्हें एक बोरी में मानव सिर दिखाई दिया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिसके बाद भिलाई नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई के बाद सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिर लंबे समय से वहां पड़ा होने की आशंका है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह कितने समय से वहां मौजूद था और किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा। उसके पानी के बहाव के साथ सेप्टिक लाइन तक आने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान और सिर के वहां पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
