इंदौर:शहर में गर्मी के मौसम भीषण जलसंकट की समस्या होने के बाद आज प्रशासनिक अधिकारियों को शहर के तालाब याद आए. मंगलवार को कलेक्टर और निगम आयुक्त शहर के तालाबों के कैचमेंट एरिया, जलभराव और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया. दोनों अधिकारी सिरपुर और लिंबोदी तालाब की वर्तमान स्थिति का मौका निरीक्षण करने पहुंचे.
आज सुबह कलेक्टर शिवम वर्मा एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सिरपुर एवं लिंबोदी तालाब का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वर्मा एवं आयुक्त सिंघल ने तालाबों की वर्तमान स्थिति, जल संग्रहण क्षमता, कैचमेंट एरिया के अतिक्रमण तथा तालाबों तक पहुंचने वाली चैनल लाइनों की सफाई की विस्तार से जानकारी ली. अधिकारियों और निगम रिमूवल अमले को निर्देश दिए कि बारिश के पहले तालाब की चैनल और उस पर किए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, प्रभारी आकाश जैन , रोहित बोयत सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
अवरोधों को हटाया जाए
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि शहर के प्रमुख तालाबों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन जल संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने निर्देश दिए कि तालाबों की प्राकृतिक रूप से पानी आने वाले रास्ते को बाधित करने वाले सभी निर्माण और अवरोधों को हटाया जाए. साथ ही कैचमेंट एरिया में अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए.
