
जबलपुर। शुक्रवार को पारा 8 डिग्री तक लुढक़ गया। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई। दिन में धूप की तपिश से ठंड से राहत रही लेकिन शाम ढलते ही ठंड का एहसास बढ़ गया। आज से बादलों का डेरा रहने के साथ तापमान में गिरावट के आसार है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 17-21 जनवरी दिन का तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तो रात का पारा 8.6 से 9.2 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ हल्के बादल, एवं पूर्व से हवा के आने की संभावना है। इसके अलावा आने वाले 2 हफ्तों में पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा नहीं होने, दिन एवं रात के तापमान में सामान्य से कम रहेगा।
नया पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय-
उत्तर-पश्चिम भारत, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊँचाई पर लगभग 240 किमी/घंटा की गति के साथ उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। एक अन्य नया पश्चिमी विक्षोभ 19 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
ऐसा रहा तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 85 और शाम को 41 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्व हवाएं तीन से चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
