इंदौर: दूसरे शहर के वीडियो को इंदौर के खजराना ब्रिज का बताकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया गया. साथ ही फेक वीडियो के माध्यम से किसी ओर शहर के गड्ढे में ऑटो पलटने की घटना को इंदौर की बताकर पोस्ट वायरल की गई है. उक्त मामले को लेकर महापौर और आईडीए ने आपत्ति ली है और फेक न्यूज चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का कहा है.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने फेक न्यूज और भ्रामक पोस्ट के ज़रिए इंदौर की छवि को धूमिल करने वालों को दो-टूक चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरे शहरों की घटनाओं, वीडियो या फोटो को इंदौर की बताकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे है. वे इंदौर के साथ विश्वासघात कर रहे हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी. महापौर ने कहा कि कुछ लोग महज लाइक्स और व्यूज़ के लिए फर्जी और गुमराह करने वाली पोस्ट डालकर शहर की प्रतिष्ठा को चोट पहुंचा रहे हैं. खजराना ब्रिज का झूठा वीडियो वायरल करने वाले की शिकायत पुलिस को करने के निर्देश दे दिए गए हैं. साथ ही दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए है.
आईडीए ने भी ली आपत्ति
आईडीए सीईओ रामप्रकाश अहिरवार ने आज कहा कि खजराना ब्रिज पर पानी कैसे चढ़ सकता है? वीडियो में ब्रिज के उपर पानी बह रहा है. यह वीडियो पूरी तरह से झूठा है और खजराना ब्रिज का बताकर भ्रम पैदा किया गया है. किसी दूसरे शहर के वीडियो को इंदौर का बताकर शहर को बदनाम करने की साजिश की गई है. ऐसे फेक और झूठे वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी.
