सिंगरौली: बैढ़न स्थित सामुदायिक भवन में स्वर्णकार समाज संघ द्वारा सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले सहित सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) से बड़ी संख्या में समाजजनों की भागीदारी रही। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण सोनी संजय ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज को एक सूत्र में बांधना, नई दिशा देना और संगठन को सशक्त बनाना है। सम्मेलन में अनपरा, शक्तिनगर व विभिन्न बाजारों तथा ग्रामीण अंचलों से लोग पहुंचे।
शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, विधि, पत्रकारिता और व्यापार क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजजनों को शॉल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सत्यनारायण सेठ सहित अन्य अतिथियों ने समाज की एकता, संगठन की मजबूती और युवाओं को शिक्षा व नेतृत्व में आगे आने का आह्वान किया।
