मैक्रों से बात करने के लिये तैयार हैं पुतिन : क्रेमलिन

मॉस्को, 21 दिसंबर (वार्ता/शिन्हुआ) रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि अगर फ्रांसिसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों राजी हैं तो राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उनसे बातचीत के लिए तैयार हैं।
क्रेमलिन के मीडिया सचिव दिमित्री पेस्कोव ने शुक्रवार को आरआईए नोवोस्ती को यह जानकारी दी। श्री पेस्कोव ने कहा कि श्री मैक्रों ने हाल ही में श्री पुतिन से बात करने की इच्छा जताई थी। श्री पुतिन ने भी शुक्रवार को जनता के साथ एक सीधे संवाद के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ बातचीत करने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा कि अगर “दोनों पक्षों में राजनीतिक इच्छाशक्ति है तो मैक्रों के रुख को सकारात्मक रूप से देखा जा सकता है।”
श्री मैक्रों ने शुक्रवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ (ईयू) शिखर सम्मेलन के बाद कहा था कि अगर यूक्रेन में स्थायी शांति हासिल करने के मौजूदा प्रयास विफल रहते हैं तो ईयू को रूस के साथ बातचीत के लिए तैयार रहना चाहिए।
फ्रांसिसी राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे मामले में श्री पुतिन के साथ बातचीत ज़रूरी और उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि ईयू को इसके लिये पहले से ही एक सामान्य आधार स्थापित करना चाहिये।
उल्लेखनीय है कि रूस और फ्रांस के नेताओं ने एक जुलाई को फोन पर बात की थी। बातचीत में यूक्रेन और पूर्वी एशिया की स्थिति के संभावित समाधानों पर चर्चा हुई थी।

Next Post

वाइन शॉप मैं हुई चोरी के आरोपियो को किया गिरफ्तार 

Sun Dec 21 , 2025
बुरहानपुर। फरियादी बलभद्र पिता भगवान सिंह सेंगर द्वारा थाना हाजीर आकर रिपोर्ट की की में आलमगंज वाइन शॉप में सेल्समेन का कार्य करता हूं। दिनांक 02/12 /2025 की दरमियानी रात को वाइन शॉप में अज्ञात चोरों द्वारा कुछ शराब की बोतल एवं सीसीटीवी का क्टत् एवं गले में रखी चिल्लर […]

You May Like

Play sound