इंदौर: कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत पर अदालत के हस्तक्षेप के बाद सांवेर रोड स्थित एक औद्योगिक इकाई में बड़े पैमाने पर फर्जी टेप बनाने का मामला उजागर हुआ है. पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में नकली पोलाद ब्रांड टेप और उससे जुड़े कच्चे माल के साथ कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं. पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट से आदेश मिलने के बाद की.
बाणगंगा पुलिस को अदालत से मिले आदेश के बाद सांवेर रोड की एक औद्योगिक यूनिट पर कार्रवाई की गई. टीम को यहां नकली पोलाद ब्रांड टेप बनाने का पूरा सेटअप मिला. पुलिस ने मौके से फर्जी टेप की बड़ी खेप, निर्माण में उपयोग होने वाला कच्चा माल, डाई, मशीनरी संबंधित दस्तावेज और बिलों की प्रतियां जब्त कीं, सभी सामग्री कोर्ट में पेश कर दी गई है. जांच में सामने आया कि यह यूनिट लंबे समय से ब्रांडेड टेप की हूबहू नकल कर बाजार में सप्लाई कर रही थी.
थोक और फुटकर स्तर पर कई दुकानदारों तक यह माल पहुंच रहा था. पुलिस अब उन सप्लायरों, वितरकों और दुकानदारों की पहचान कर रही है, जो इस फर्जी नेटवर्क का हिस्सा हैं. शहर में इससे पहले भी कॉपीराइट एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें नामी कंपनियों के उत्पादों की अवैध नकल कर बाजार में बेचा जा रहा था. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे.
