
खंडवा। खंडवा से डुलहार-पंधाना मार्ग जर्जर हो गया है। हजारों गड्ढे दुर्घटनाओं को जन्म दे रहे हैं । रोज दुर्घटनाएं हो भी रही हैं। अति हो जाने के बाद सामाजिक संगठन और किसान इसी सड़क पर उतर आए। 28 अगस्त को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। आक्रोश देखकर प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। वहां लोगों और प्रशासन में तीखी बहस हुई। पुलिस भी बुलानी पड़ी।
पुलिस के संरक्षण में लोक निर्माण विभाग गड्ढे भरवाने को आ गया। सामाजिक संगठनों के लोगों ने इन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से रोड का निर्माण पेंडिंग है। विभाग के अधिकारी क्या कर रहे हैं। सड़क का नए तरीके से निर्माण होना चाहिए। केवल गड्ढे भरने से काम नहीं चलेगा। ठेकेदारों को भी उन्होंने चेतावनी दी कि यदि काम मिलता है, तो ईमानदारी और बिना भ्रष्टाचार के करें। राजनीति किसी भी तरह की बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी ने पुलिस बुला ली
सोमवार को एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां रोड के गड्ढे भरने पहुंचे PWD के अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का जमकर सामना करना पड़ा। विरोध देख पुलिस बल को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालना पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में रोड के गड्ढे भरने का काम किया है।
28 को सिरपुर फाटे पर बड़ा आंदोलन
खंडवा डुल्हार मुख्य मार्ग कहीं सालों से खराब होने से लगातार हो हादसे हो रहे हैं। जिसे लेकर 28 अगस्त को किसान और ग्रामीण सिरपुर फाटे पर बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में जुट गए हैं। क्षेत्र की जनता और तमाम सामाजिक संगठनों ने सरकार और इस सिस्टम के खिलाफ आंदोलन के लिए रणनीति बनाई। रविवार को सर्व समाज के लोगों ने बैठक ली, तय किया कि 28 अगस्त को आंदोलन करेंगे। इसके पहले ही प्रशासन चेत गया और सोमवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पीडब्ल्यूडी विभाग के अफसरों ने खड़े होकर पंधाना रोड़ के गड्ढे भरवाए।
मिट्टी ना भरें, नई सड़क चाहिए
इधर, आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संगठनों का कहना है, प्रशासन ने पुलिस फोर्स के साथ सामाजिक लोगों पर दबाव बनाया है। सुबह से पुलिस और पीडब्ल्यूडी अफसर सिरपुर फाटे पर पहुंच गए। उन्होंने ही गड्ढे भरवाना शुरू कर दिया। गड्डों को मिट्टी डालकर भरा जा रहा हैं।
