भोपाल: छिंदवाड़ा में 20 बच्चों की मौत के बाद सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। चेन्नई पुलिस की मदद से मध्य प्रदेश पुलिस ने मृतक बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार कंपनी श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स के मालिक रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया। रंगनाथन को गुरुवार सुबह तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से अरेस्ट किया गया और आगे की जांच के लिए सुंगुवरछत्रम ले जाया जा रहा है।
मृत बच्चों में 18 छिंदवाड़ा और 2 बैतूल जिले के बच्चे शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप में डायएथिलीन ग्लाइकॉल की मात्रा सुरक्षित सीमा से अधिक थी, जिससे बच्चों की किडनी फेल हो गई। इस गंभीर लापरवाही के बाद राज्य सरकार ने श्रीसन फार्मा के सभी उत्पादों पर तत्काल रोक लगा दी।मामले में सिरप लिखने वाले डॉक्टर प्रवीण सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है और उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई।
घटना के बाद सीएमएचओ डॉ. नरेश गोनारे और सिविल सर्जन को पद से हटा दिया गया, जबकि डॉ. सुशील कुमार दुबे को सीएमएचओ का प्रभार सौंपा गया।राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। तमिलनाडु की कंपनी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई जारी है।
