
जबलपुर। ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत जबलपुर रेल मंडल ने निर्धारित लक्ष्य से आगे बढ़कर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की हैं। रेलवे बोर्ड द्वारा मंडल को 1800 क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट का लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले अब तक 1987 सीटीयू खोले जा चुके हैं और इनमें से 1539 में सफाई कार्य पूरा कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंद भी किया जा चुका है। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के नेतृत्व और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) अनुराग पाण्डेय के निर्देशन में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे अभियान में 10 हजार से अधिक रेल कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही है। स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और अन्य परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। सफाई पूरी होने के बाद संबंधित सीटीयू को प्रक्रिया के अनुसार बंद किया जा रहा है, जिससे अभियान की निगरानी और कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
