
भोपाल। 64वीं मध्य जोन अंतर जिला वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने बाजी मारी. पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं अन्य अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों का सम्मान कर बधाई दी. सीहोर जिले की मेजबानी में आयोजित प्रतियोगिता 15 सितम्बर से प्रारंभ हुई. यह प्रतियोगिता पाँच दिवसीय रोमांचक खेल मुकाबलों के बाद सफलता पूर्वक संपन्न हुई. प्रतियोगिता में कुल 31 खेल विधाओं में मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, हॉकी, खो-खो, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, एथलेटिक्स, कराटे, जूडो, कुश्ती, ताइक्वांडो, बॉडीबिल्डिंग, योग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, आर्म रेसलिंग, मैराथन, साइक्लिंग सहित अनेक खेल शामिल रहे.
प्रतियोगिता में जिला सीहोर, जिला राजगढ़, जिला विदिशा, जिला रायसेन, नगरीय भोपाल, रेडियो भोपाल की टीमें सम्मिलित हुईं. जिसमें विजयी खिलाड़ियों को आगामी 56वीं मध्यप्रदेश पुलिस राज्य स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु नामांकित किया जाएगा. आयोजित सभी प्रतिस्पर्धाओ से महिला वर्ग में आरक्षक वैशाली उइके एवं पुरुष वर्ग में आरक्षक अर्पित गुप्ता जिला बल सीहोर द्वारा सबसे अधिक मेडल प्राप्त किए गए. समस्त प्रतिस्पर्धाओ में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला नगरीय भोपाल ने 34, द्वितीय स्थान पर जिला सीहोर ने 32 एवं जिला रायसेन ने 07 गोल्ड मेडल जीतकर तृतीय स्थान प्राप्त किया.
