
सौसर। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए श्रम कानूनों के विरोध में गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिक और यूनियन पदाधिकारीयों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। जागृति कामगार संघ (सीटू) के नेतृत्व में रेमंड बोरगांव से एक विशाल विरोध रैली निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नए कानूनों को वापस लेने की मांग की।
मजदूरों के हितों पर कुठाराघात
ज्ञापन सौंपने के दौरान सीटू यूनियन के पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार जबरदस्ती मजदूरों पर गलत कानून थोप रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। मजदूरों का मानना है कि ये नए कानून उनके मौलिक अधिकारों और कार्यस्थल की सुरक्षा को प्रभावित करेंगे।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
यूनियन अध्यक्ष विजेंद्र जायसवाल ने स्पष्ट किया कि मजदूर अपने हक की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरे हैं। यदि सरकार उनकी मांगों पर विचार नहीं करती और इन कानूनों को वापस नहीं लेती है, तो आने वाले समय में यह प्रदर्शन और भी उग्र रूप धारण करेगा।
ज्ञापन सौंपते समय मुख्य रूप से यूनियन अध्यक्ष विजेंद्र जायसवाल, एकनाथ दूढे,नारायण घघारे,चन्द्रशेखर कालबांडे समेत रेमंड बोरगांव के बड़ी संख्या में कर्मचारी और श्रमिक उपस्थित रहे।
