
रीवा। देश की प्रमुख ट्रेड यूनियनों एवं संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्र ब्यापी हड़ताल के आह्वान पर सीटू, इंटक, बैंक, बीमा एवं संयुक्त किसान मोर्चा के विभिन्न संगठनों द्वारा विवेकानन्द पार्क से रैली निकालकर कमिश्नर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया एवं राष्ट्रपति के नाम सम्बोधित ज्ञापन सौपा.
संगठनों द्वारा सौपे गये संयुक्त ज्ञापन में कहा गया कि मजदूर और किसान लगातार आन्दोलन कर श्रम कानूनो को समाप्त करने के केन्द्र सरकार के निर्णय के खिलाफ व किसानों के फसलों के दाम तय करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग को लेकर लगातार आन्दोलित हैं लेकिन पूंजीपतियों के दबाव में सरकार समाज के दो उत्पादक शक्तियों के पक्ष में कोई निर्णय करने को तैयार नहीं है जिससे बड़े पैमाने पर मंहगाई, बेरोजगारी व रोजगार में अस्थिरता पैदा हो रही है. संगठनों ने सरकार से चार श्रम संहिताओं को रद्द करने, कोयला, परिवहन, तेल, भेल, बंदरगाह सहित सभी सार्वजनिक उपक्रमों का निजीकरण रोकने सभी को पेंशन दिये जाने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया गया. सीटू के जिलाध्यक्ष गिरिजेश सिंह सेंगर, महासचिव सौरभ मिश्रा, आंगनवाड़ी यूनियन की राज्य सचिव किशोरी वर्मा, इंटक के जी.पी.त्रिपाठी, बैंक एम्पलाई यूनियन के वृजेश सिंह, ऋतुराज मिश्रा आदि मौजूद रहे.
