
इंदौर. शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बीते दो से तीन दिनों के भीतर नाबालिग बेटियों और बेटों के बहला-फुसलाकर ले जाने की लगातार घटनाएं सामने आई हैं. विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के अनुसार अधिकतर प्रकरणों में अज्ञात आरोपियों पर अपहरण का अपराध दर्ज किया है. पुलिस ने सभी मामलों में तलाश शुरू कर दी है.
थाना आजादनगर क्षेत्र में कोहिनूर कॉलोनी और मयूर नगर मुसाखेड़ी से एक पिता की बेटी और एक महिला की पोती को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया. वहीं एमआईजी थाना क्षेत्र के सोमनाथ की जूनी चाल से एक नाबालिग लड़की के लापता होने पर परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला कायम किया. वहीं परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में जनता क्वार्टर और सर्वहारा नगर से दो नाबालिग बेटियों के बिना बताए चले जाने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई है, जबकि हीरानगर थाना क्षेत्र के खातीपुरा धर्मशाला के पास से भी एक नाबालिग लड़की के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है. इसके अलावा बाणगंगा थाना में गोविंद कॉलोनी, गोविंद नगर खारचा और बाणगंगा क्षेत्र से दो बेटियां और दो बेटों के अपहरण की शिकायतें सामने आई हैं. एक प्रकरण में बच्चा खेलने गया था और वापस नहीं लौटा. इसी तरह ग्रामीण इलाके के बेटमा थाना क्षेत्र अंतर्गत मां विहार कॉलोनी के पास से एक महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज किया है, जिसमें एक युवक को नामजद आरोपी बनाया है. जबकि चंदननगर थाना क्षेत्र के केशव नगर सिरपुर से भी एक पिता के नाबालिग बेटे को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज किया है. सभी 11 मामलों में पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि सभी प्रकरणों में विशेष टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर तलाश की जा रही है.
