नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप)ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली नगर निगम की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आते ही कर्मचारियों के वेतन देरी से आने लगी है।
निगम में ‘आप’ नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि पिछले सप्ताह भाजपा ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार निगम को 3,282 करोड़ रुपए देगी। इसमें से 820 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी कर दी गई है। श्रीमती गुप्ता ने खुद दावा किया कि सरकार ने निगम को 820 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं लेकिन यह राशि अभी तक निगम के खाते में नहीं पहुंची है।
श्री नारंग ने कहा कि भाजपा ने दावा किया था कि केंद्र और दिल्ली में उनकी सरकार होने से वे निगम और दिल्ली सरकार को बेहतर तरीके से चलाएंगे लेकिन भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। भाजपा और निगम के नेता वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री का धन्यवाद कर रहे हैं, लेकिन 820 करोड़ रुपए की राशि अभी तक निगम को नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि आज निगम के हालात बद से बदतर हो गए हैं। ‘आप’ने अपने ढाई साल के शासन में भाजपा के 15 वर्ष के भ्रष्टाचार और वेतन बैकलॉग को खत्म किया था। पहले कर्मचारियों को छह-आठ महीने तक वेतन नहीं मिलता था, लेकिन ‘आप’ सरकार में हर कर्मचारी के खाते में महीने की एक तारीख को वेतन पहुंचने लगा।
‘आप’ नेता ने कहा,“ एमसीडी की सत्ता संभाले भाजपा को दो महीने ही हुए हैं और सफाई कर्मचारियों को सैलरी फिर से देर से मिलने लगी है। दो महीने के अंदर ही सैलरी मिलने में 10-12 दिन की देरी होने लगी है। साथ ही, ग्रुप ए, बी और सी के कर्मचारियों को पिछले महीने की सैलरी अभी तक नहीं मिली है। कर्मचारियों की सैलरी में दो-तीन महीने का बैकलॉग फिर से शुरू हो गया है।”
