
मंडला। अंजनिया चौकी क्षेत्र के नेशनल हाईवे 30 मार्ग में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। बाइक पर सवार शिक्षक रेत से फिसलने के बाद अनियंत्रित होकर एक ट्रॉले की चपेट में आ गया। जिससे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। यह सड़क हादसा अंजनिया के अहमदपुर चौराहा से 200 मीटर पहले पुरानी बंजी रोड के पास सुबह करीब 10.40 बजे हुआ। मृतक की पहचान 59 वर्षीय राजकुमार झारिया के रूप में हुई है, जो अंजनिया निवासी थे और ग्राम बघरौड़ी में प्राथमिक शाला में शिक्षक थे।
जानकारी अनुसार शिक्षक राजकुमार घर से स्कूल जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवे पर बिखरी हुई रेत के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे पीछे से आ रहे एक ट्रॉले के पहिए के नीचे आ गए। हालांकि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन सिर पर पहिया चढऩे के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश :
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। ग्रामीणों ने इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध रेत के परिवहन के दौरान ट्रैक्टरों से हाईवे पर रेत बिखेर दी जाती है, जिससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिन पहले ही उन्होंने इस बारे में स्थानीय प्रशासन को सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि अंजनिया, मांद, खामटीपुर, नारा-दिवारा सहित कई गांवों से हो रहे अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक इस पर लगाम नहीं लगती, ऐसे हादसे होते रहेंगे।
पुलिस की हिरासत में ट्राला चालक :
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही अंजनिया पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस और ग्रामीणों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि ट्रॉला चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
