मदर्स इंटरनेशनल, माउंट कार्मेल, जी.डी. गोयनका और भारती पब्लिक स्कूल जीते

नयी दिल्ली, 09 जुलाई (वार्ता) ओरिएंटल कप के तीसरे दिन गुरुवार को लगातार बारिश ने खिलाड़ियों की परीक्षा जरूर ली, लेकिन चौथे संस्करण में हिस्सा ले रहे युवा फुटबॉलरों के जोश और जज़्बे को कम नहीं कर सकी। डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धी रहे। लड़कों के वर्ग में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली, माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका, जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका, भारती पब्लिक स्कूल और विनय नगर बंगाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि लड़कियों के वर्ग में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल और भारती पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज कर अगले चरण में जगह बनाई।

दिन के पहले लड़कों के मुकाबले में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली ने गवर्नमेंट को-एजुकेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द्वारका को 2-0 से हराया। इसी मुकाबले के लड़कियों के वर्ग में मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली ने गवर्नमेंट को-एजुकेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, द्वारका को 1-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। भारती पब्लिक स्कूल ने लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों में बिना खेले अगले दौर में जगह बना ली, क्योंकि एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा ने अपने-अपने मुकाबलों में वॉकओवर दे दिया।
लड़कों के वर्ग में माउंट कार्मेल स्कूल, द्वारका ने ऐमिटी इंटरनेशनल स्कूल, साकेत को 2-0 से हराया।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला लड़कों के वर्ग में जी.डी. गोयनका स्कूल, द्वारका और केंद्रीय विद्यालय, आर.के. पुरम के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद जी.डी. गोयनका ने पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
दिन के अंतिम मुकाबले में विनय नगर बंगाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने लड़कों के वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड के वॉकओवर देने के कारण अगले दौर में प्रवेश किया। ओरिएंटल कप 2026 का रोमांच शुक्रवार को भी जारी रहेगा, जहां टीमें नॉकआउट चरण में जगह बनाने के लिए संघर्ष करेंगी।

.....

Next Post

'मैसा' के लिए रश्मिका मंदाना ने शूट किया भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस

Thu Jul 9 , 2026
मुंबई, 09 जुलाई (वार्ता) अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपनी आने वाली पैन-इंडिया एक्शन फिल्म ‘मैसा’ के लिए अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस शूट किया गया है। इस सीक्वेंस को रश्मिका ने बिना किसी एक्शन डबल के स्वयं फिल्माया है। निर्माताओं के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान रश्मिका ने […]

You May Like