सीहोर। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है. यह तो होना ही चाहिए, परंतु इसके साथ-साथ समाज को देहदान और अंगदान की दिशा में भी जागरूक होने की आवश्यकता है. उक्त विचार एक निजी बैंक के तत्वाधान में रक्तदान शिविर के आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रोटरी क्लब के अध्यक्ष मधुर विजयवर्गीय ने कहे. उन्होंने बताया कि बढ़ती बीमारियों और आपात स्थितियों में अंगदान कई लोगों की जान बचा सकता है. यदि समाज इसके प्रति जागरूक होकर आगे आए तो अनगिनत जीवन बचाए जा सकते हैं. उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे रक्तदान, देहदान और अंगदान जैसे महान कार्यों में भाग लें और मानवता के इस महायज्ञ में अपना योगदान दें.विशेष रूप से युवाओं को अंगदान के कार्य में बढ़-चढ़कर आगे आना चाहिए. कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. कार्यक्रम के संचालन के लिए बैंक और सहयोगियों को धन्यवाद दिया गया.
