इंदौर: आज खाद्य विभाग ने पालदा स्थित समता नगर में एस कुमार एंड कंपनी पर छापा मारने की कार्रवाई की. छापे में फैक्ट्री के अंदर भारी गंदगी के बीच आटा निर्माण किया जा रहा था. जांच के दौरान सेंपल लेकर फैक्ट्री सील करने की कारवाई की गई.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हाल ही में इंदौर में फूड एंड ड्रग लैब के उद्घाटन अवसर पर मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे.
उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन, खाद्य औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज समता नगर पालदा स्थित एस कुमार एंड कंपनी का निरीक्षण किया गया. मौके पर प्रभारी संदीप अग्रवाल उपस्थित पाए गए. परिसर में खाद्य पदार्थ आटा का निर्माण किया जा रहा था. परिसर में अत्यंत अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं संग्रहण किया गया था. परिसर से गेहूं एवं आटा के कुल चार नमूने लिए गए तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु परिस्थिति अनुकूल नहीं होने के कारण परिसर में खाद्य पदार्थों का निर्माण तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया.
सुपारी सिकाई केंद्र व रेस्टोरेंट से लिए नमूने
एक अन्य कार्रवाई में मां अंबे सुपारी सिकाई केंद्र समता नगर पालदा का औचक निरीक्षण किया गया. मौके पर प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर गोपाल अग्रवाल उपस्थित पाए गए, मौके पर कच्ची सुपारी को सेंक कर प्रोसेस किया जाना पाया गया। मौके से सिकी हुई सुपारी और सुपारी सेकने के दौरान उपयोग किये जाने वाले चूना के कुल 2 नमूने लिए गए. साथ ही विजयनगर स्थित श्री लीला रेस्टोरेंट से पनीर एवं दाल के कुल 2 नमूने लिए गए.
शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जाँच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा जा रहा है, जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायेगी.
