हरदा: नगर पालिका परिषद हरदा की नियमित बैठक में कांग्रेस पार्षद दल ने नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी के नेतृत्व में नगर पालिका अध्यक्ष भारती कमेड़िया एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल को नागरिक हित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्ताव में नगर पालिका परिषद हरदा में एकल खिड़की प्रणाली स्थापित करने की मांग रखी गई।
इस प्रणाली के लागू हो जाने से नागरिकों को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और सभी आवश्यक सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। प्रस्ताव के प्रमुख बिंदु – जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भवन अनुज्ञा, नामांतरण, किरायेदारी व अनापत्ति प्रमाण पत्र, जल कनेक्शन एवं कर संबंधी कार्य एक ही केंद्र से निपटाना । नागरिकों की शिकायतें जैसे सड़क, नाली, बिजली, सफाई और स्ट्रीट लाइट इत्यादि का त्वरित निराकरण। ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा तथा आवेदन पर यूनिक नंबर और ट्रैकिंग सिस्टम । नागरिकों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन हेतु पब्लिक हेल्प डेस्क की स्थापना।
