बुधनी। नदियों के उद्गम स्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संचालित संकल्प यात्रा का 113 वां पड़ाव सोमवार को गुंजारी नदी के उद्गम स्थल पर संपन्न हुआ. कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शामिल हुए. मंत्री पटेल ने पैदल यात्रा करते हुए गुंजारी नदी के उद्गम स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की. वे गुंजारी नदी एवं मां नर्मदा के संगम स्थल पहुंचे, जहां श्रद्धापूर्वक पूजन एवं दर्शन किए. इस अवसर पर ग्राम पंचायत जोशीपुर स्थित गुंजारी-नर्मदा संगम घाट का भी अवलोकन किया गया. जनसहयोग से कराए गए घाट के जीर्णोद्धार कार्य की सराहना की. कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, तहसीलदार ललित सोनी, जनपद पंचायत सीईओ सुप्रिया डुफरे आदि उपस्थित थे.
