
सीहोर। अमर शहीद कुंवर चैनसिंह की शहादत दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शासन की ओर से उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे.
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह वही धरती है जहां से आजादी की पहली सशस्त्र क्रांति का प्रारंभ हुआ. उन्होंने कहा कि देश सर्वोपरि है और शहीद चैनसिंह ने इसी भावना के साथ प्राणों की आहुति दी. उन्होंने कुंवर चैनसिंह के नाम पर कम्युनिटी हॉल और उनकी जीवन गाथा की प्रदर्शनी के लिए नगर पालिका और आयोजकों की सराहना की.
तोमर ने ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों को नियमित रूप से करने का सुझाव दिया, खासकर बच्चों को केंद्र में रखकर प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर जोर दिया. कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, कुंवर चैनसिंह के वंशज राजवर्धन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अन्य गणमान्य जनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की.
