
*अनूप जलोटा की भजन संध्या के साथ पुस्तक विमोचन एवं फिल्म प्रदर्शन, चित्र प्रदर्शनी भी*
ग्वालियर। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, पत्रकार एवं विचारक रहे स्व. प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर शुक्रवार 25 जुलाई को शाम 5 बजे कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस समारोह में प्रदेश के शीर्ष वरिष्ठ नेता, मंत्रीगण सम्मिलित होकर अपने दल के नेता को नमन करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने बताया कि कार्यक्रम में देश के प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा श्रद्धा एवं भक्ति के भावों से सराबोर सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसमे अंचल सहित विभिन्न राजनैतिक पार्टियों एवं सामाजिक संगठनों के लोग अपने प्रिय रहे स्व. प्रभात झा को भावांजलि अर्पित करेंगे। युवा भाजपा नेता एवं स्व. प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल झा ने बताया कि अनूप जलोटा की भजन संध्या से पूर्व एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा जिसमें स्व. प्रभात जी द्वारा विभिन्न विषयों पर लिखे गए लेख एवं उनके द्वारा किए गए कार्यक्रमों के चित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित होती । साथ ही एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी होगा। भजन संध्या के बाद हमारे भारत रत्न पुस्तक का विमोचन किया जाएगा, जिसकी संपादकीय स्व. प्रभात झा ने लिखी थी। यह संपादकीय उनकी अंतिम संपादकीय थी। इसके बाद उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं सामाजिक क्षेत्र के वरिष्ठ व्यक्तियों द्वारा अपने शब्दों द्वारा प्रभात जी को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इससे पहले भाजपा नेताओं ने अटल सभागार, जीवाजी विवि पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर, पूर्व जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, रामेश्वर भदौरिया आदि उपस्थित थे।
