
पानसेमल। जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु विधायक श्याम बरडे की अध्यक्षता में जनसंपर्क कार्यालय पर बैठक हुई। ग्राम पंचायत मोरतलाई में प्रस्तावित कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक बरडे ने कहा कि बिरसा मुंडा जयंती पर मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-मांदल के साथ नाचते-गाते मुख्यमंत्री का स्वागत करें। बैठक में पंचायत स्तर पर स्वागत, आवागमन, सांस्कृतिक दलों एवं जनसंपर्क की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। बैठक में गोविंद जोशी, सचिन चौहान, राम सोनवने सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
