
इंदौर. पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में मंगलवार को 126 शिकायतें पहुंचीं. इनमें जमीन और मकान से जुड़े विवाद व धोखाधड़ी के साथ पति-पत्नी, बेटा-बहू के बीच विवाद, पैसों के लेन-देन, साइबर और आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायतें प्रमुख रहीं. सोलर पैनल लगाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत भी सामने आई.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आवेदकों की शिकायतें सुनीं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए. कुछ मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही फोन के माध्यम से भी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया. जनसुनवाई में आपसी मतभेद, महिला अपराध और पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं होने की शिकायतें भी आईं. जमीन प्लॉट और मकान से जुड़े मामलों में धोखाधड़ी की शिकायतों के साथ पैसों के लेन देन से जुड़े विवाद भी अधिकारियों के सामने रखे गए. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में कार्रवाई शुरू की. पारिवारिक और आपसी विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से काउंसलिंग भी कराई जा रही है, ताकि ऐसे मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया जा सके.
