इंदौर: शहर के बिचौली हप्सी बायपास पर स्थित एक कार्यालय पर आयकर विभाग ने छापामार कार्रवाई की है. विभाग के अधिकारी कंपनी के दस्तावेजों, अकाउंट बुक्स और डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहन जांच कर रहे हैं.सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग इस कार्रवाई के माध्यम से कंपनी के वित्तीय लेनदेन और संभावित टैक्स अनियमितताओं की पड़ताल कर रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि जांच में कंपनी के दस्तावेज, अकाउंट बुक्स और डिजिटल डाटा का विशेष महत्व है. यह कार्यालय देश की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी जीआर इंफ्रा के लिए काम करने वाली एक सहयोगी कंपनी का है. आयकर विभाग की टीम राजस्थान से इंदौर आई है और उसने कार्यालय में मौजूद रिकॉर्ड्स की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
सूत्रों का कहना है कि इंदौर में चल रही यह कार्रवाई देशभर में 40 अन्य स्थानों पर की गई छापामार कार्रवाई का हिस्सा है. इस कार्रवाई का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे कॉरिडोर और अन्य सरकारी परियोजनाओं में शामिल कंपनी के वित्तीय व्यवहार की पूरी पड़ताल करना है.आयकर विभाग के अधिकारी कार्यालय में मौजूद प्रमुख कर्मचारियों से पूछताछ भी कर रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि जांच में शुरुआती दौर में ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड्स सामने आए हैं.
