बैतूल: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को विजय सेवा न्यास द्वारा गोद लिए गए बेसहारा बच्चों को अपने निवास पर आमंत्रित कर उनके साथ गणेश उत्सव मनाया। बच्चों ने खण्डेलवाल और उनके परिवार के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना व आरती की। इसके बाद बच्चों और उनके पालकों के साथ सहभोज किया गया।
इस दौरान खण्डेलवाल ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों को लेकर संवाद किया। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य तय कर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और शिक्षा, रोजगार व भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखने की बात कही।
44 परिवारों के 69 बच्चों की जिम्मेदारी: विजय सेवा न्यास के ‘बेसहारा को सहारा’ प्रकल्प के तहत अब तक 44 परिवारों के 69 बच्चों को संरक्षण देते हुए उनकी कक्षा 12वीं तक की शिक्षा की जिम्मेदारी ली गई है। निजी स्कूलों की फीस न्यास द्वारा जमा कराई जाती है, जबकि सरकारी स्कूलों व छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार और पालकों को 20 हजार रुपये की व्यक्तिगत आर्थिक सहायता भी दी जाती है।
न्यास बच्चों की शिक्षा के साथ उनके परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पालकों की योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास भी करता है।
